Tuesday, 13 March 2012

बोतलों से बना घर

नाइजीरिया के एक गांव में लोग प्लास्टिक की बोतलों से घर बना रहे हैं। प्लास्टिक की बोतलों में रेत भरकर, उन्हें बंद कर ईंट की जगह प्रयोग किया जाता है। इन बोतलों को जोड़ने के लिए सीमेंट का प्रयोग होता है।

बोतलों से तीन मंजिला तक मकान बना सकते हैं, बशर्ते सटीक गणना बेहद जरूरी है। डेवलपमेंट एसोसिएशन फॉर रिन्युएबल एनर्जीस की इस परियोजना के तहत 58 वर्ग मीटर (624 वर्ग फीट) क्षेत्रफल में जरूरतमंदों के लिए मकान बनाए जा रहे हैं।

इन घरों में 2 बेडरूम, एक शौचालय, आंगन और किचन होता है। फायर-बुलेट-वाटर प्रूफ ये घर भूकंपरोधी भी हैं। घर के अंदर का तापमान औसत 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

Monday, 12 March 2012

इराक के आठ वर्षीय कमर हाशिम

इराक के आठ वर्षीय कमर हाशिम को उनकी फोटोग्राफी की बदौलत पूरा देश जानता है। वे इराक के सबसे युवा सर्टिफाइड फोटोग्राफर हैं। सैकड़ों खूबसूरत फोटोग्राफ कमर के नाम दर्ज हैं, जिन्हें बगदाद की प्रदर्शनियों में रखा जाता है।

कमर कहते हैं कि-‘भीड़ में मेरा कद कम नहीं पड़ता, हर दृश्य मेरी पहुंच में है।’ शुरू में वे अपने फोटो जर्नलिस्ट पिता की नकल करते थे।

पिता उन्हे हिंसक घटनाओं की फोटोग्राफी नहीं करने देते थे। लेकिन एक बार वे सुरक्षा के बीच से निकल कर बगदाद के मेयर की फोटो ले आए। बच्चे की मासूमियत देखकर मेयर ने उन्हे पहला डिजिटल कैमरा तोहफे में दिया था।

इन जुड़वां बहनों का क्या कहना

गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स ने 102 साल की स्कोटिश बहनों को दुनिया की सबसे उम्रदराज जुड़वा लोगों में शामिल किया है। एडिथ रीची और एवेलिन का जन्म 1909 में हुआ था। अब एवेलिन के चार बच्चे और 12 नाती-पोते और 24 पर नाती और पोते हैं।

वहीं एडिथ के भरे-पूरे परिवार में 9 नाती-पोते और 21 परपोते और नाती हैं। एडिथ के लिए उनकी लंबी उम्र का राज है ‘सादगी, कड़ी मेहनत और अच्छे पति का साथ’। गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स के एडीटर इन चीफ क्रैग ग्लेंडे कहते हैं कि ‘एडिथ और एवेलिन की जोड़ी अद्भुत है’।

अदृश्य कार!

मिस्टर इंडिया जैसा कोई जादू अगर आपको मिल जाए तो कैसा हो। अब ये बात सिर्फ सोचने की नहीं रही।

यूनिवर्सिटी ऑफ टोक्यो में वैज्ञानिकों ने एक ऐसी कार बनाई है जो अदृश्य हो जाती है। मर्सिडीज बेंज पर ऑप्टीकल केमोउफ्लेज टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर ये अनोखी कार बनाई गई है।

इसमें ब्लू स्क्रीन सिद्धांत का प्रयोग किया गया है, जो टीवी पर मौसम की भविष्यवाणी करने में और हॉलीवुड फिल्ममेकर द्वारा अक्सर इस्तेमाल की जाती है।

कभी देखा है ऐसा सिर

कार्लोस का सिर अजूबा है। ऐसा सिर शायद ही आपने कभी देखा हो। एक सड़क हादसे में कार्लोस के सिर का आधा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया था।

सर्जरी के बाद कार्लोस को नया जीवन तो मिल गया, लेकिन उनके सिर का आकार बदल गया है। ‌उनके सिर के आधे हिस्से में कूबड़ जैसा आकार बन गया है। कार्लोस ने लोगों से नशे में ड्राइव ना करने की अपील की है।

बलिदान की प्रतिमा

जीसस को त्याग और बलिदान की प्रतिमा माना जाता है। उनके इसी चरित्र को उनकी मूर्ति में दिखाने की कोशिश की है डेविड माक ने।

डेविड लंदन के रॉयल एकेडमी स्कूल में मूर्तिकला के प्रोफेसर हैं। इस अद्भुत मूर्ति को बनाने में 3,000 कोट हैंगर्स का इस्तेमाल किया गया है।
2011 में किंग जेम्स बाइबल की 400वीं सालगिरह के अवसर पर शुरू किए गए प्रोजेक्ट के तहत माक ने जीसस क्राइस्ट की ये मूर्ति बनाई है।  

दुनिया में इंटरनेट इस्तेमाल

दुनिया में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली सबसे बड़ी युवा आबादी भारत में है।

रिसर्च कंपनी कोमस्कोर के सर्वे के मुताबिक भारत में इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले लोगों में 75 प्रतिशत लोग 35 वर्ष और उससे कम उम्र के हैं।

भारत की तुलना में पूरे एशिया पैसेफिक क्षेत्र में 35 साल और इससे कम उम्र के इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या सिर्फ 52 से 55 प्रतिशत तक है।